जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक में अवैध खनन एवं खनिज परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई की समीक्षा

सरायकेला 29 अक्टूबर 2026,
गुरुवार (भाग्य सागर)

सरायकेला-खरसावां
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में अवैध खनन, खनिज भंडारण एवं परिवहन के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई की समीक्षा की गई। संबंधित पदाधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित जांच, अवैध खनिज परिवहन पर निगरानी तथा विभिन्न विभागों के समन्वय से प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला एवं चांडिल, जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर शतपथी समेत अन्य संबंधित विभागीय पदाधिकारी, सभी अंचलाधिकारी एवं सभी थाना प्रभारी उपस्थित थे।

बैठक मे जिला खनन पदाधिकारी ने 27 सितम्बर 2026 से 28 अक्टूबर 2026 के मध्य अवैध खनिज परिवहन के विरुद्ध की गई कार्रवाई के सम्बन्ध जानकारी दी। उन्होंने बताया इस दौरान 06 वाहनों से ₹8.67 लाख की राशि वसूली गई तथा 01 प्राथमिकी/शिकायत दर्ज की गई।
समीक्षा के दौरान गम्हरिया, सापड़ा, ईचागढ़ एवं कुकड़ू समेत जिले के अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में अवैध खनन, खनिज भंडारण एवं परिवहन की रोकथाम के लिए नियमित जांच अभियान संचालित करने का निर्देश दिया गया। संबंधित अंचलाधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में खनन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर अवैध गतिविधियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया।
पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को संबंधित अंचलाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर अवैध बालू एवं पत्थर खनन परिवहन एवं भण्डारण के विरुद्ध कार्य योजना तैयार कर प्रभावी ढंग से नियमित संयुक्त जांच अभियान चलाने सहित अन्य आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया।

