जन्माष्टमी के अवसर पर सरस्वती शिशु मंदिर उच्च विद्यालय में रूप सज्जा कार्यक्रम आयोजित

सरायकेला-खरसावां, 05 सितंबर, 2026, शनिवार(भाग्य सागर):
सरायकेला: भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव जन्माष्टमी के पावन अवसर पर सरस्वती शिशु मंदिर उच्च विद्यालय, सरायकेला में रूप सज्जा कार्यक्रम का आयोजन हर्षोल्लास एवं भक्तिमय वातावरण में किया गया.
कार्यक्रम में नन्हे भैया बहनों ने भगवान श्रीकृष्ण, राधा, माता यशोदा सहित विभिन्न पौराणिक एवं सांस्कृतिक पात्रों का मनमोहक रूप धारण किया. कोई नन्हा कन्हैया बन कर आया तो कोई माता यशोदा के रूप में नजर आया, वहीं कुछ भैया बहनों ने भगवान श्रीकृष्ण से जुड़ी सुंदर झांकियां भी प्रस्तुत कीं, एक भैया अपने साथ शेषनाग का सुंदर स्वरूप लेकर आए, जिसने सभी का विशेष ध्यान आकर्षित किया.
रूप सज्जा के साथ ही भैया बहनों ने विभिन्न प्रकार के नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं. मासूमियत और सुंदर प्रस्तुतियों से उन्होंने उपस्थित आचार्य, दीदी एवं अतिथियों का मन मोहा.
इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष रामनाथ आचार्य, विद्युत परिषद एवं प्रबंधन कार्यकारिणी समिति के सदस्य सुदीप पटनायक, विद्यालय के कोषाध्यक्ष प्रसाद महतो एवं प्रबंध कार्यकारिणी समिति के सदस्य गुरुचरण महतो सहित अन्य अतिथिगण उपस्थित रहे.अतिथियों ने नन्हे भैया बहनों की सुंदर प्रस्तुतियों का आनंद लिया तथा उनका उत्साहवर्धन करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की.
उत्कृष्ट रूप सज्जा एवं सुंदर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के लिए भैया बहनों को पुरस्कृत कर प्रोत्साहित किया गया.
सरस्वती शिशु मंदिर उच्च विद्यालय, सरायकेला शिक्षा के साथ-साथ संस्कार, संस्कृति और राष्ट्रभावना को विशेष महत्व देता है विद्यालय द्वारा आयोजित ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम भैया बहनों में अपनी संस्कृति और परंपराओं के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना विकसित करते हैं. साथ ही रचनात्मकता, आत्मविश्वास और प्रतिभा को मंच प्रदान करते हैं.


