झारखंड, बिहार और ओडिशा के बीच चलेंगी बसें! 46 रूटों पर सरकार ने मांगे सुझाव

झारखंड, बिहार और ओडिशा राज्यों के बीच अंतरराज्यीय बस सेवाओं को बढ़ावा देने के लिए एक नया त्रिपक्षीय समझौता प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसके तहत कुल 46 नए बस रूटों पर बसों का संचालन करने की योजना है, जिस पर राज्य सरकार ने अब आम जनता और परिवहन क्षेत्र से जुड़े लोगों से उनके सुझाव आमंत्रित किए हैं।

रांची: परिवहन विभाग ने जारी किया मसौदा
राजधानी रांची से मिली जानकारी के अनुसार, झारखंड, बिहार और ओडिशा के बीच सुगम बस परिचालन को सुनिश्चित करने के वास्ते त्रिपक्षीय समझौते का एक आधिकारिक मसौदा जारी कर दिया गया है। इस योजना के अंतर्गत तीनों पड़ोसी राज्यों को जोड़ने वाले 46 नए बस मार्गों (रूट्स) का प्रस्ताव रखा गया है।

राज्य के परिवहन विभाग ने मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 88(5) के प्रावधानों के तहत इस मसौदे को झारखंड गजट में प्रकाशित कर दिया है। परिवहन आयुक्त संजीव कुमार बेसरा के हस्ताक्षर से जारी इस अधिसूचना के मुताबिक, वाहन मालिकों, ऑपरेटरों और परिवहन व्यवसाय से जुड़े अन्य हितधारकों से इस प्रस्ताव पर अपनी आपत्तियां और सुझाव भेजने को कहा गया है। गजट में प्रकाशन की तिथि से अगले 30 दिनों के भीतर परिवहन विभाग के सचिव, एफएफपी भवन, धुर्वा, रांची के पते पर लिखित प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जा सकता है। प्राप्त होने वाले सुझावों और आपत्तियों पर आगे के 30 दिनों के भीतर विचार और सुनवाई की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
पटना, गया, भागलपुर और बिहारशरीफ समेत कई प्रमुख शहरों के लिए रूट
इस नए प्रस्तावित खाके के अनुसार, ओडिशा के विभिन्न प्रमुख शहरों से बिहार के पटना, गया, भागलपुर, बिहारशरीफ, दरभंगा और अन्य बड़े शहरों तक बसों का संचालन किया जाएगा। इन यात्रा मार्गों में झारखंड के कई अहम शहर जैसे रांची, जमशोला, टाटा, खूंटी, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, चाईबासा, दुमका और हजारीबाग आदि मुख्य रूप से शामिल किए गए हैं।

इस सूची में शामिल कुछ प्रमुख और महत्वपूर्ण मार्गों के नाम इस प्रकार हैं:
- भुवनेश्वर से पटना
- रायरंगपुर से बिहारशरीफ
- बारीपदा से बिहारशरीफ
- राउरकेला से भागलपुर
- रायरंगपुर से भागलपुर
- राउरकेला से डेहरी
- बालासोर से पटना
- क्योंझर से गयाजी
- पुरी से गया
- रायरंगपुर से दरभंगा, पटना और राजगीर
- राउरकेला से पटना आदि।
कई मार्गों की दूरी 300 से 800 किलोमीटर से अधिक
इस अंतरराज्यीय बस सेवा के मसौदे में विभिन्न प्रस्तावित मार्गों की कुल दूरियों का भी विस्तृत ब्योरा दिया गया है, जिनमें से कुछ प्रमुख रूट इस प्रकार हैं:
- भुवनेश्वर से पटना: जमशोला, रांची और टाटा के रास्ते लगभग 870 किमी।
- रायरंगपुर से बिहारशरीफ: टाटा और रांची के रास्ते लगभग 575 किमी।
- बारीपदा से बिहारशरीफ: जमशोला, टाटा और रांची के रास्ते लगभग 560 किमी।
- राउरकेला से भागलपुर: रांची, खूंटी और दुमका के रास्ते लगभग 640 किमी।
- बालासोर से पटना: बहरागोड़ा, रांची, टाटा, हजारीबाग और औरंगाबाद के रास्ते लगभग 741 किमी।
- पुरी से गया: रांची, रामगढ़ और बोधगया के रास्ते लगभग 833 किमी।
- रायरंगपुर से दरभंगा: टाटा, रांची, कोडरमा और समस्तीपुर के रास्ते लगभग 611 किमी।
- राउरकेला से पटना: सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, चतरा और जहानाबाद के रास्ते लगभग 558 किमी।
- राउरकेला से मुजफ्फरपुर: सिमडेगा, खूंटी, रांची, रामगढ़, हजारीबाग और पटना के रास्ते लगभग 567 किमी।
