परीक्षा कल थी, ईमेल आज आया: JSSC की तकनीकी चूक से छूटा अभ्यर्थी का एग्जाम, पीड़ित ने की जांच की मांग

झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की कार्यशैली पर एक बार फिर गंभीर प्रश्न खड़े हो गए हैं। आयोग की बड़ी लापरवाही के कारण ‘झारखंड फील्ड वर्कर प्रतियोगी परीक्षा-2024’ में शामिल होने वाले एक अभ्यर्थी मयंक कुमार का एग्जाम छूट गया। सबसे चौकाने वाली बात यह रही कि परीक्षा संपन्न हो जाने के अगले दिन अभ्यर्थी को एडमिट कार्ड डाउनलोड करने का आधिकारिक ई-मेल भेजा गया, जिसके कारण वह परीक्षा देने से वंचित रह गया।
परीक्षा खत्म होने के बाद आया JSSC का ईमेल
पीड़ित परीक्षार्थी मयंक कुमार ने इस पूरे घटनाक्रम पर अपनी लिखित शिकायत दर्ज कराई है। मयंक के अनुसार, जेएसएससी की पूर्व घोषणा के तहत झारखंड फील्ड वर्कर प्रतियोगी परीक्षा 19 जुलाई को तय की गई थी। परीक्षा के दिन तक उन्हें प्रवेश पत्र (Admit Card) को लेकर कोई संदेश या अपडेट प्राप्त नहीं हुआ। लेकिन हद तो तब हो गई जब परीक्षा बीत जाने के अगले दिन यानी 20 जुलाई को सुबह 09:54 बजे उनके पास आयोग की ओर से एक ईमेल मिला, जिसमें एडमिट कार्ड डाउनलोड करने की जानकारी दी गई थी। ई-मेल मिलने में हुई इस तकनीकी और प्रशासनिक देरी की वजह से मयंक समय पर अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड नहीं कर सके और उनकी परीक्षा छूट गई। इस पूरी घटना से अभ्यर्थी को भारी मानसिक तनाव और निराशा का सामना करना पड़ रहा है।
पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच और कार्रवाई की मांग
परीक्षार्थी मयंक कुमार ने आयोग के उच्च अधिकारियों से इस गंभीर विषय पर निष्पक्ष जांच कर उचित कदम उठाने की मांग की है। उन्होंने अपील की है कि डिजिटल प्रणाली में हुई इस बड़ी तकनीकी खामी को तुरंत सुधारा जाए और जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि आने वाले समय में झारखंड के किसी भी अन्य परीक्षार्थी को इस प्रकार की लापरवाही और मानसिक प्रताड़ना से न गुजरना पड़े।
