राजनगर थाना क्षेत्र में ट्रेलर एवं बाइक की सीधी टक्कर में एक की मौत तीन जख्मी

सरायकेला-खरसावां, 19 अगस्त 2026, बुधवार (भाग्य सागर)
जिले के राजनगर थाना अंतर्गत हाता-चाईबासा मुख्य सड़क पर बागराईसाई के निकट स्थित तीखे मोड़ के पास बुधवार की संध्या लगभग साढ़े पांच बजे एक सड़क दुर्घटना में बाइक पर सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, बाइक पर चार सवार थे।
मृतक की पहचान पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका थाना अंतर्गत तेंतला पंचायत के चरडीहा गांव निवासी आकाश पात्रो (25) के रूप में हुई है। जबकि घायलों में टीकाराम सरदार (40), भोला सरदार (19) और हीरा गोप (36) हैं। ये सभी जेएच 05 एल 5856 बाइक पर सवार थे।
जानकारी अनुसार ये चारों बुधवार को राजनगर साप्ताहिक हाट-बाजार आए थे। वापस लौटने के क्रम में बागराईसाई के तीखे मोड़ के पास सामने से आ रहे ट्रेलर से बाइक की सीधी टक्कर हो गयी।
घायल टीकाराम सरदार के अनुसार बाइक आकाश पात्रो चला रहे थे। टक्कर के बाद वह दूर जा गिरे, जबकि अन्य तीन सड़क पर गिर पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, युवा समाजसेवी अजय गोप भी घटनास्थल पहुंचे और घायलों को शीघ्र अस्पताल पहुंचाने में सहयोग की।
एक को पुलिस वाहन तथा अन्य घायलों को ऑटो से अस्पताल पहुंचाया गया, 108 एंबुलेंस भी मौके पर पहुंची लेकिन उससे पूर्व ही सभी को अस्पताल भेजा गया।
अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सक ने आकाश पात्रो को मृत घोषित कर दिया। पुलिस द्वारा परिजनों को घटना की सूचना दे दी गयी है।
थाना प्रभारी विपुल कुमार ओझा ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि एक ही बाइक पर चार लोग सवार थे और किसी ने हेलमेट नहीं पहना था। तेज रफ्तार के कारण बाइक अनियंत्रित होकर बड़े वाहन से टकराई, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ। थाना प्रभारी ने लोगों से अपील की है कि दोपहिया वाहन पर निर्धारित संख्या में ही सवारी करें, हेलमेट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करें और नशे की हालत में वाहन न चलाएं। थोड़ी सी लापरवाही पूरे परिवार की खुशियां छीन सकती है।


