जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षा में धांधली कर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप लगाते हुए आजसू ने फूंका मुख्यमंत्री का पुतला

सरायकेला-खरसावां, 04 सितंबर, 2026, शुक्रवार (भाग्य सागर):
जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित धांधली, पेपर लीक और अन्य अनियमितताओं के कारण युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए आजसू पार्टी कार्यकर्ता आक्रोश व्यक्त करते
हुए सड़क पर उतरे.
राज्यव्यापी आंदोलन के तहत आजसू कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को सरायकेला नगर पंचायत अंतर्गत गैरेज चौक पर मुख्यमंत्री का शव यात्रा निकाल कर पुतला दहन किया.
इस दौरान सरकार और परीक्षा आयोग के खिलाफ पार्टी कार्यकर्ताओं ने
“छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बंद करो” और “रोजगार के नाम पर ठगना बंद करो” जैसे नारे लगाये. प्रदर्शन के दौरान
हाथों में सरकार विरोधी नारे लिखे तख्तियां लेकर कार्यकर्ता नारेबाजी कर रहे थे. इनके द्वारा
प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही कथित गड़बड़ियों से राज्य के लाखों अभ्यर्थियों के भविष्य प्रभावित होने के आरोप लगाए गए.
आजसू के केंद्रीय सचिव सत्यनारायण महतो ने मौके पर कहा युवा वर्ग वर्षों तक मेहनत कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं जबकि परीक्षाओं में इस प्रकार की धांधली या गड़बड़ी उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ है. उन्होंने सरकार पर युवाओं को रोजगार देने के वादे में विफल रहने का भी आरोप लगाया.
जिला उपाध्यक्ष दुर्गा चरण महतो ने कहा जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि मांग पूरी होने तक आजसू का चरणबद्ध आंदोलन जारी रहेगा.
इस कार्यक्रम में एसटी मोर्चा जिलाध्यक्ष दिनेश हांसदा, प्रखंड अध्यक्ष गणेश महतो,धनंजय महतो,दिनेश कुमार महतो, सुसान महतो, गुरुचरण महतो, बड़कू महतो, अंगुर महतो, आलोक कुमार सिंहदेव, सुखीराम महतो, सहदेव महतो, सुकु महतो सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे.


