Categories

October 28, 2026

Suryoday Samvaad

Nayi Soch Nayi Disha

. Seraikella : चांडिल अनुमंडल में अवैध खनन के विरुद्ध बड़ा अभियान, 1.55 लाख घनफीट बालू जब्त, जेसीबी मशीन सीज….

चांडिल अनुमंडल में अवैध खनन के विरुद्ध बड़ा अभियान, 1.55 लाख घनफीट बालू जब्त, जेसीबी मशीन सीज

        बिष्णु पद महापात्र📲 9471102055 (wa)

सरायकेला-खरसावां : (28 जनवरी 2026 ) : जिले में अवैध खनन, भंडारण एवं परिवहन पर सख्ती दिखाते हुए जिला प्रशासन ने व्यापक कार्रवाई की है। उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर बुधवार को जिला खनन विभाग द्वारा चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया।

इस अभियान का नेतृत्व जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपथी ने किया। निरीक्षण के दौरान तिरुलडीह एवं ईचागढ़ थाना क्षेत्र के विभिन्न मौजों में अवैध रूप से संग्रहीत बालू तथा अवैध उत्खनन की पुष्टि हुई, जिसके बाद विधिसम्मत कार्रवाई की गई।

तिरुलडीह थाना अंतर्गत मौजा सपादा एवं सिरकाडीह में लगभग 1,10,000 घनफीट अवैध बालू भंडारण को जब्त किया गया। इसी क्रम में मौजा सिरकाडीह में मिट्टी खनिज का अवैध उत्खनन करते हुए एक जेसीबी मशीन (बैकहो लोडर) को भी जब्त कर तिरुलडीह थाना को सुपुर्द किया गया।

वहीं, ईचागढ़ थाना अंतर्गत मौजा सोड़ो जारगोडीह में भी कार्रवाई करते हुए लगभग 45,000 घनफीट अवैध बालू भंडारण को जब्त किया गया। जब्त किए गए बालू खनिज को शीघ्र ई-नीलामी के माध्यम से निस्तारित करने हेतु अग्रेत्तर कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।

इसके अतिरिक्त जिला खनन विभाग द्वारा नीमडीह थाना क्षेत्र के मौजा झीमडी का भी निरीक्षण किया गया। लाल टुंगरी क्षेत्र (एकलव्य विद्यालय परिसर) में लौह अयस्क के अवैध उत्खनन से संबंधित तीन बड़े गड्ढे पाए गए। इस मामले में संबंधित धाराओं के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

इस संबंध में उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिले के किसी भी क्षेत्र में खनिजों के अवैध खनन, भंडारण या परिवहन को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिया कि ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

जिला प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए आगे भी नियमित एवं औचक निरीक्षण अभियान जारी रहेंगे।

About Author

Leave a Reply