Categories

Recent Posts

November 3, 2026

Suryoday Samvaad

Nayi Soch Nayi Disha

धनबाद : कोयला लदा हाइवा की चपेट में आने से इसीएल के रिटायर्ड कर्मी की मौत, महिला घायल

Dhanbad News: धनबाद जिले के निरसा थाना क्षेत्र में मंगलवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया. निरसा-जामताड़ा मुख्य मार्ग पर स्थित खुशरी मोड़ के समीप कोयले से लदे एक तेज रफ्तार हाइवा ने स्कूटर को अपनी चपेट में ले लिया. इस भीषण दुर्घटना में स्कूटर चला रहे ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ECL) के एक सेवानिवृत्त कर्मचारी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ बैठी एक महिला गंभीर रूप से जख्मी हो गई.

मृतक की पहचान पांडरा निवासी 65 वर्षीय मनोज सिन्हा के रूप में हुई है, जो ईसीएल से रिटायर्ड थे. वहीं, घायल महिला की पहचान उसी गांव की रहने वाली 62 वर्षीय वीणा घोष के तौर पर की गई है.

स्थानीय लोगों ने किया सड़क जाम

दिल दहला देने वाली इस घटना के बाद स्थानीय निवासियों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. देखते ही देखते भारी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और शव के साथ निरसा-जामताड़ा मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया. सड़क जाम होने के कारण एमपीएल (MPL) में होने वाली कोयला और फ्लाई ऐश की पूरी ट्रांसपोर्टिंग ठप हो गई.

हंगामे की सूचना मिलते ही निरसा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, जहां उग्र ग्रामीणों के साथ पुलिसकर्मियों की तीखी नोकझोंक भी हुई. इसी बीच पूर्व मुखिया और स्थानीय समाजसेवी रोबीन धीवर ने तत्परता दिखाते हुए गंभीर रूप से घायल महिला को तुरंत इलाज के लिए धनबाद के अशर्फी अस्पताल भिजवाया.

नेताओं की मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा

हादसे और सड़क जाम के बाद क्षेत्र में तनाव को देखते हुए कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और राजनेता भी खुशरी मोड़ पहुंचे. इनमें पूर्व विधायक अरुप चटर्जी, झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेता तपन तिवारी, कांग्रेस के प्रखंड अध्यक्ष डॉ. संतोष राय और पूर्व मुखिया रोबिन धीवर शामिल थे.

आक्रोशित ग्रामीण और प्रदर्शनकारी मांग कर रहे हैं कि एमपीएल में भारी वाहनों की ट्रांसपोर्टिंग के लिए एक बिल्कुल अलग एप्रोच रोड (वैकल्पिक मार्ग) का निर्माण किया जाए या फिर वर्तमान सड़क का चौड़ीकरण करके भारी वाहनों के लिए अलग लेन बनाई जाए. ग्रामीण इस मांग पर अड़े रहे और मांग पूरी होने तक शव के साथ अपना विरोध-प्रदर्शन जारी रखा.

कैसे घटी घटना?

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, मनोज सिन्हा मंगलवार सुबह अपने घर से स्कूटर द्वारा वीणा घोष के साथ किसी काम से निरसा बाजार की ओर जा रहे थे. जैसे ही उनका स्कूटर खुशरी मोड़ के पास पहुंचा, निरसा की तरफ से आ रहे एक कोयला लदे हाइवा ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि मनोज सिन्हा सड़क पर गिर गए और हाइवा का पिछला पहिया उनके ऊपर से गुजर गया, जिससे उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया. घायल महिला वीणा घोष का फिलहाल अशर्फी अस्पताल में इलाज चल रहा है.

क्या कहते हैं पुलिस अधिकारी

मामले की जानकारी देते हुए निरसा के थाना प्रभारी अजीत कुमार भारती ने बताया कि सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की मौत हुई है और एक महिला गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज कराया जा रहा है. पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है ताकि यह पूरी तरह साफ हो सके कि किस नंबर और किस गाड़ी से यह दुर्घटना हुई है, जिसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

About Author

Leave a Reply