Seraikella : सरायकेला-खरसवाँ में साप्ताहिक जनता दरबार संपन्न, उपायुक्त ने सुनीं समस्याएँ, त्वरित व पारदर्शी निस्तारण के दिए निर्देश….

बिष्णु पद महापात्र 📲 9471102055(wa)
सरायकेला-खरसवाँ : शुक्रवार 28 नवंबर, 2025। जिला समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आज उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएँ और लंबित मामलों से संबंधित आवेदन उपायुक्त के समक्ष प्रस्तुत किए।
जनता दरबार में पालना डैम के सौंदर्यीकरण, मंगलम सिटी में बिल्डर की लापरवाहियों, भूमि विवाद, वृद्धा पेंशन, तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के लंबित लाभांकन से जुड़े प्रपत्र प्रमुख रहे। लाभुकों ने अपने-अपने मुद्दों को विस्तार से रखते हुए शीघ्र समाधान की मांग की।
उपायुक्त श्री सिंह ने संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि—
“प्राप्त प्रत्येक आवेदन का समयबद्ध, पारदर्शी एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। किसी भी शिकायत के समाधान में अनावश्यक विलंब न हो।”
उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि जनता दरबार में प्राप्त आवेदनों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा प्रगति रिपोर्ट समाहरणालय को उपलब्ध कराई जाए, ताकि प्रत्येक आवेदक को समय पर संतोषजनक समाधान मिल सके।
जिला प्रशासन ने जनता से अपील की है कि वे अपनी समस्याओं के समाधान हेतु निर्धारित तिथियों में जनता दरबार का लाभ अवश्य उठाएँ।
