Categories

October 26, 2026

Suryoday Samvaad

Nayi Soch Nayi Disha

चाईबासा शहर में सरकारी दुकानों में अवैध नकली शराब बेचने के गोरखधंधे का भंडाफोड़, 4 मिनी शराब फैक्ट्री पकड़ाई

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा शहर में सरकारी दुकानों में अवैध नकली शराब बेचने के गोरख धंधे का भंडाफोड़ हुआ है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पाताहातु में 4 मिनी शराब फैक्ट्री का पता चला, जहां अवैध तरीके से नकली शराब बनाकर सरकारी शराब की दुकानों पर भेजा जा रहा था। इस पूरे कारोबार में उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग की मिली भगत भी सामने आ रही है। क्योंकि अवैध शराब के साथ जिन दो आरोपियों को पकड़ा गया है वे दोनों चाईबासा शहर के यशोदा चौक के पास स्थित सरकारी शराब की दुकान में कर्मचारी के रूप में काम करते हैं।

मिनी शराब फैक्ट्री में तकरीबन हर ब्रांड की खाली बोतल, शराब बनाने का केमिकल, शराब के ब्रांड का स्टीकर और झारखंड सरकार का सील बरामद हुआ है। यह गोरख धंधा कितने दिनों से चल रहा था यह बताना तो मुश्किल है, लेकिन पिछले 3 महीने से भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता इस सिंडिकेट के भंडाफोड़ में लगे हुए थे। सोमवार को दोपहर में पाताहातु पुल के पास मोटरसाइकिल से बोरे में बांधकर अवैध नकली शराब लेकर जा रहे दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।

उन्हें पकड़कर उत्पाद विभाग के कार्यालय ले जाया गया। विभागीय कार्रवाई हो ही रही थी कि इसी बीच पाताहातु में मिनी शराब फैक्ट्री संचालित होने की सूचना मिली। भाजपा के कार्यकर्ता और मुफस्सिल थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे, जहां पूछताछ और जांच पड़ताल के बाद 4 मिनी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ। एक मकान में एक फैक्ट्री का संचालन हो रहा था और बाकी तीन मिनी फैक्ट्री का संचालन थोड़ी दूरी पर दूसरे मकान में हो रहा था। बरामद शराब को कब्जे में लेकर पुलिस की टीम आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

About Author