Categories

October 26, 2026

Suryoday Samvaad

Nayi Soch Nayi Disha

Chandil : ईचागढ़ में चलंत लोक अदालत वाहन रवाना, ग्रामीणों को मिली कानूनी जागरूकता…

. बिष्णु पद महापात्र 📲 9471102055 (wa)

सरायकेला : जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सरायकेला–खरसावां के तत्वावधान में ईचागढ़ प्रखंड में वृहस्पतिवार को चलंत लोक अदालत वाहन को प्रखंड विकास पदाधिकारी एकता वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वाहन पुरानडीह मोड़ पहुंचने के बाद ग्रामीणों के बीच विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के सहायक अम्बिका चरण पाणी ने चलंत लोक अदालत की महत्वता, उद्देश्य और इसकी कार्यप्रणाली पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आमजन को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराना तथा छोटे–मोटे विवादों का त्वरित एवं सरल निपटारा करना इसका प्रमुख लक्ष्य है।

पाणी ने बताया कि अधिकारों की रक्षा के लिए नागरिकों का कानूनी रूप से जागरूक होना अत्यंत आवश्यक है। कानूनी जानकारी के अभाव में लोग वर्षों तक समस्याओं में उलझे रहते हैं, जबकि मध्यस्थता के माध्यम से विवादों का सहज समाधान संभव है। सत्र के दौरान बाल विवाह, डायन प्रथा, बाल श्रम सहित विभिन्न सामाजिक कुरीतियों से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी भी ग्रामीणों को दी गई।

साथ ही योग्य एवं जरूरतमंद व्यक्तियों के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा उपलब्ध निःशुल्क अधिवक्ता सुविधा के बारे में विशेष रूप से जागरूक किया गया। अधिकारियों ने मौके पर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उचित समाधान का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम में पैरा लीगल वॉलंटियर्स कार्तिक गोप, गंगासागर पाल, तुष्ट रानी मंडल, इशिता उरांव, निर्मल घोष, दिगम्बर महतो सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। यह आयोजन ग्रामीणों में कानूनी जागरूकता बढ़ाने और न्याय तक आसान पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।

About Author

Leave a Reply