. Chandil : अवैध बालू खनन पर रोक : अंचल अधिकारी ने किया चेकनाका का औचक निरीक्षण…

. बिष्णु पद महापात्र 📲 9471102055 (wa)
चाण्डिल : अंचल अधिकारी ईचागढ़ दीपक प्रसाद ने गत रविवार को पातकुम प्रखंड मोड़ तथा ईचागढ़ थाना क्षेत्र के समीप स्थापित चेकनाका का औचक निरीक्षण किया। यह चेकनाका क्षेत्र में अवैध बालू खनन एवं उसके परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान अंचल अधिकारी ने तैनात कर्मियों को वाहन जांच में पूर्ण सतर्कता बरतने, अभिलेखों का सही एवं व्यवस्थित संधारण सुनिश्चित करने तथा संदिग्ध वाहनों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अवैध खनन की रोकथाम के लिए चेकनाका पर सतत चौकसी अनिवार्य है।
श्री प्रसाद ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जांच व्यवस्था में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आवश्यकता पड़ने पर कड़ी कार्रवाई करने की बात कही और कर्मियों को अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का निर्देश दिया।
