Categories

October 26, 2026

Suryoday Samvaad

Nayi Soch Nayi Disha

Chandil : पितकी रेलवे ओवरब्रिज का उद्घाटन, वर्षों पुरानी जाम की समस्या से मिलेगी राहत…

सरायकेला-खरसवाँ: लंबे इंतजार के बाद ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के लोगों को पितकी रेलवे ओवरब्रिज की सौगात मिल गई। शनिवार को पितकी रेलवे ओवरब्रिज का विधिवत उद्घाटन केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री एवं रांची के सांसद संजय सेठ तथा ईचागढ़ की विधायक सविता महतो ने किया। पुल के चालू होने से पितकी रेलवे फाटक पर ट्रेनों के आवागमन के दौरान लगने वाले जाम से स्थानीय लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

उद्घाटन समारोह में जनप्रतिनिधियों ने कहा कि ओवरब्रिज के शुरू होने से क्षेत्र में आवागमन अधिक सुगम होगा। रेलवे फाटक के बार-बार बंद होने से उत्पन्न होने वाली जाम की समस्या से भी लोगों को काफी हद तक निजात मिलेगी। चांडिल-ईचागढ़ क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में यह ओवरब्रिज महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

बताया जाता है कि पितकी रेलवे फाटक रांची-टाटा-पुरुलिया-धनबाद मार्ग पर स्थित एक व्यस्त रेलवे फाटक है। आद्रा और रांची रेल मंडल के अंतर्गत चलने वाली मालगाड़ियों, यात्री ट्रेनों और एक्सप्रेस ट्रेनों के आवागमन के कारण फाटक बार-बार बंद होता था। इससे कई अवसरों पर सड़क पर चार से पांच किलोमीटर तक लंबा जाम लग जाता था।

स्थानीय लोगों के अनुसार, इस मार्ग से प्रतिदिन लगभग चार हजार छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। इनमें मालवाहक ट्रक, बस, ट्रेलर, स्कूल वाहन, एंबुलेंस, ऑटो और दोपहिया वाहन शामिल हैं। रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम का सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों और मरीजों को ले जाने वाली एंबुलेंस पर पड़ता था।

ओवरब्रिज के निर्माण और शीघ्र उद्घाटन की मांग स्थानीय लोग लंबे समय से करते आ रहे थे। अब पुल पर आवागमन शुरू होने के बाद पितकी समेत आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को यातायात सुगमता मिलने की उम्मीद है।

उद्घाटन समारोह में भाजपा जिला मंत्री रुपेश वर्मा उर्फ पप्पू वर्मा, स्थानीय जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने अतिथियों का स्वागत किया और ओवरब्रिज के उद्घाटन पर प्रसन्नता व्यक्त की।

About Author

Leave a Reply