सरायकेला-खरसावां जिले में जुलाई माह हुए 20 सड़क दुर्घटनाएं जिनमें 06 घायल हुए तथा 17 की हुई मृत्यु

जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश
सरायकेला-खरसावां, 22 अगस्त 2026, शनिवार(भाग्य सागर)
उपायुक्त -सह- जिला दण्डाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक मनोज सर्वांगीयारी, उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी शंकरचार्य शमाद, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला एवं चांडिल, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), यातायात निरीक्षक सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी जुड़े।
पूर्व के बैठक मे दिए गए निर्देशों की समीक्षा के साथ बैठक प्रारम्भ किया गया, जिला परिवहन पदाधिकारी ने सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों एवं ब्लैक स्पॉट से संबंधित जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि विगत जुलाई माह जिले में कुल 20 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 06 व्यक्ति घायल हुए तथा 17 लोगों की मृत्यु हुई। जिले में कुल 18 ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए गए हैं, जिनके सुधार एवं आवश्यक सड़क सुरक्षा उपायों के लिए संबंधित विभागों द्वारा कार्रवाई की जा रही है। साथ ही, सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत ट्रैफिक पुलिस एवं परिवहन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में चलाए जा रहे सघन वाहन जांच एवं प्रवर्तन अभियान के संबंध में जानकारी देते हुए बताया गया कि अभियान के दौरान यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों में कुल ₹22,24,850 का जुर्माना वसूला गया है। यातायात निरीक्षक द्वारा भी वाहन जांच एवं यातायात नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध की गई कार्रवाई से संबंधित जानकारी दी गई।
उपायुक्त ने जिले में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में आवश्यक सुरक्षा उपायों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने का निर्देश दिया। उन्होंने ज़ेब्रा क्रॉसिंग, जिग-जैग रोड मार्किंग, स्पीड ब्रेकर, चेतावनी संकेतक/साइनेज बोर्ड, स्ट्रीट लाइट सहित अन्य आवश्यक सड़क सुरक्षा मानकों की उपलब्धता एवं उचित रखरखाव सुनिश्चित करने को कहा, ताकि दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोका जा सके। उन्होंने NH-18, NH-33 एवं NH-220 सहित प्रमुख मार्गों पर मरम्मति कार्य यथाशीघ्र पूर्ण कराने तथा सड़क सुरक्षा एवं यातायात मानकों के अनुरूप सभी आवश्यक साइनेज बोर्ड, लाइट, ब्रेकर एवं अन्य सुरक्षा उपायों का अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही चौका-चाईबासा एवं चांडिल-कांड्रा सड़क की आवश्यक मरम्मति शीघ्र पूर्ण कराने तथा बरसात के बाद चौका-चाईबासा मार्ग के चौड़ीकरण एवं निर्माण कार्य प्रारंभ करने को कहा। उन्होंने कहा भारी एवं बड़े वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित मार्गों पर ऐसे वाहनों के आवागमन पर रोक सुनिश्चित की जाए।
प्रमुख सड़कों पर बड़े वाहनों द्वारा किए जा रहे अवैध पार्किंग के विरुद्ध नियमित एवं सघन जांच अभियान चलाकर नियमानुसार कार्रवाई करने,प्रमुख मार्गों पर तेज गति के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने, सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को बिना विलंब अस्पताल पहुंचाने एवं समय पर उपचार उपलब्ध कराने को विशेष प्राथमिकता देने सहित अन्य आवश्यक निर्देश दिये गये।
पुलिस अधीक्षक ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए प्रवर्तन एवं निगरानी व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने ट्रैफिक पुलिस एवं संबंधित थाना प्रभारियों को दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में नियमित गश्ती करने तथा प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील स्थानों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा ओवरस्पीडिंग, ड्रंक एंड ड्राइव, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने, गलत दिशा में वाहन चलाने तथा अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों में नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने प्रमुख मार्गों पर भारी वाहनों के अवैध पार्किंग एवं यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले वाहनों के विरुद्ध नियमित जांच एवं कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में पुलिस की दृश्यता बढ़ाने, आवश्यकतानुसार विशेष निगरानी रखने तथा दुर्घटनाओं के कारणों का विश्लेषण कर संबंधित विभागों के साथ समन्वय करते हुए आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर बल दिया। उन्होंने वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने, नशे की स्थिति में वाहन नहीं चलाने तथा वाहन चलाते समय यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने की अपील की।


