Categories

October 26, 2026

Suryoday Samvaad

Nayi Soch Nayi Disha

Chandil : चौका के सुदूरवर्ती मुटुदा गांव में अफीम की अवैध खेती की जांच, ड्रोन से हुआ सत्यापन

            बिष्णु पद महापात्र 📲 9471102055 (wa)

सरायकेला :  जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चौका थाना क्षेत्र के सुदूरवर्ती गांव मुटुदा में अफीम की अवैध खेती की आशंका को लेकर पुलिस एवं एसएसबी मातकमडीह की संयुक्त टीम द्वारा सघन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान खेतों का भौतिक निरीक्षण किया गया तथा ड्रोन कैमरे के माध्यम से भी विस्तृत सत्यापन किया गया।

जांच के क्रम में गांव के कुछ खेतों में सरसों, मटर, आलू एवं चना की वैध खेती पाई गई, जबकि अधिकांश भूमि परती अवस्था में मिली। ड्रोन एवं स्थल निरीक्षण के दौरान अफीम की अवैध खेती का कोई प्रमाण नहीं मिला, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

जांच अभियान के साथ ही चौका पुलिस द्वारा गांव में अफीम की अवैध खेती एवं इसके विक्रय के विरुद्ध जागरूकता अभियान भी चलाया गया। इस अवसर पर थाना प्रभारी सोनू कुमार ने ग्रामीणों को अफीम के दुष्प्रभावों एवं इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि अफीम की खेती करना कानूनी रूप से दंडनीय अपराध है और इसमें संलिप्त पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस प्रशासन ने ग्रामीणों को अफीम के स्थान पर वैकल्पिक एवं लाभकारी कृषि अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान किसानों के बीच चना, मटर एवं सरसों के बीज का भी वितरण किया गया।

पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि वैध कृषि गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जाएगा, वहीं अवैध गतिविधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

About Author

Leave a Reply